1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य राज्य स्तरीय समारोह

Bhopal: भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य राज्य स्तरीय समारोह

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य राज्य स्तरीय समारोह

देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ पूरा परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंग गया।

23 प्लाटूनों ने दी आकर्षक परेड

राज्य स्तरीय समारोह में 23 प्लाटूनों के लगभग 1300 जवानों ने अनुशासित और आकर्षक परेड में हिस्सा लिया। परेड में पुलिस बल, विशेष इकाइयों और अन्य सुरक्षा बलों की टुकड़ियां शामिल रहीं, जिन्होंने अनुशासन और शौर्य का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

डॉग स्क्वॉड, स्कूली बच्चे और आदिवासी संस्कृति बनी आकर्षण

कार्यक्रम में डॉग स्क्वॉड की प्रस्तुति, स्कूली बच्चों की टुकड़ियों की भागीदारी और आदिवासी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी समारोह में मौजूद रहे।

पूरे प्रदेश में उत्साह और सम्मान का माहौल

देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का यह पर्व केवल भोपाल ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति आस्था को एक बार फिर मजबूती मिली।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...