गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को पहले अपने शासनकाल के बजट और विकास कार्यों की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जो बजट हुआ करता था, उसकी तुलना में आज डॉ. मोहन यादव सरकार में प्रदेश का बजट कई गुना बढ़ चुका है, जो विकास की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में प्रदेश में न तो पर्याप्त बिजली थी, न ही पेयजल की समुचित व्यवस्था। सड़कों की हालत बेहद खराब थी और बुनियादी ढांचा कमजोर स्थिति में था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश विकास के बजाय अव्यवस्था का शिकार रहा।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में मध्य प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क, पानी की उपलब्धता, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और मेडिकल कॉलेजों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित हुई हैं। यह बदलाव सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विकास की राजनीति करने के बजाय रातभर सरकार की आलोचना की रणनीति बनाने में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन बातों को समझ चुकी है और विकास के आधार पर ही सरकारों का मूल्यांकन करती है।
मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार का फोकस जमीनी स्तर पर विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता की जरूरतों को पूरा करने पर है, जबकि कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गई है।