मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav दमोह जिले के नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर महोत्सव के साथ-साथ किसान सम्मेलन और कृषि प्रदर्शनी में भी शामिल होंगे। नोहलेश्वर महोत्सव बुंदेलखंड क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शुक्रवार को छतरपुर जिले स्थित Bageshwar Dham में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित गरीब परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में भी शामिल होंगे।
नोहलेश्वर महोत्सव के दौरान देशभर से आए ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध रहे हैं। महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संध्याएं, कार्यशालाएं, महिला सम्मेलन, किसान गोष्ठी और पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
दमोह जिले के नोहटा में स्थित Nohleshwar Mahadev Temple का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली माना जाता है। यह मंदिर कलचुरी कालीन स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। मान्यता है कि इसका निर्माण 10वीं-11वीं शताब्दी के दौरान हुआ था।मंदिर की भव्य शिल्पकला, अलंकृत स्तंभ, विशाल गर्भगृह और कलात्मक नक्काशी आज भी उस युग की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती है। पुरातत्वविदों के अनुसार यह मंदिर मध्य भारत के प्रमुख शिव मंदिरों में से एक है, जहां प्राचीन काल से भगवान शिव की आराधना होती आ रही है। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रस्तावित कार्यक्रम इस प्रकार है-
13 फरवरी को मुख्यमंत्री नोहटा पहुंचेंगे
नोहलेश्वर महोत्सव, किसान सम्मेलन और कृषि प्रदर्शनी में सहभागिता करेंगे
दोपहर 12:20 बजे भोपाल से हवाई जहाज द्वारा जबलपुर के लिए प्रस्थान
जबलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा दमोह जिले के नोहटा विधानसभा क्षेत्र स्थित देवरी हेलीपैड पर आगमन
नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन
किसान सम्मेलन कार्यक्रम में सहभागिता
अपराह्न 3 बजे देवरी हेलीपैड से बागेश्वर धाम, जिला छतरपुर के लिए प्रस्थान
बागेश्वर धाम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे
मुख्यमंत्री की इस यात्रा से न केवल बुंदेलखंड की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसान सम्मेलन और कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। वहीं बागेश्वर धाम में सामूहिक विवाह समारोह में सहभागिता सामाजिक समरसता और कल्याणकारी सोच का संदेश देगी।