उज्जैनः दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष सूद सोमवार को उज्जैन प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। सूद ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। बता दें कि आशीष सूद दिल्ली के गृह, शिक्षा, विद्युत एवं शहरी विकास मंत्री हैं।

बाबा महाकाल के दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मंत्री सूद का पारंपरिक रूप से सम्मान किया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री सूद ने मध्य प्रदेश शासन द्वारा मंदिर परिसर में की गई उत्तम व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्हीं उत्तम व्यवस्थाओं के चलते अभिभूत करने वाले बाबा महाकाल के दर्शन भक्तों को मिलते हैं।
इसी दौरान मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) और पर्यावरण कार्यकर्ता पद्मश्री मोहन नागर ने भी श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।