मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकात्मता और कृषि संस्कृति के प्रतीक माघ बिहू, भोगी, उत्तरायण, पोंगल एवं मकर संक्रांति पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि ये पावन पर्व सभी के जीवन में सुख-शांति, सद्भावना और धन-धान्य लेकर आएं तथा हर घर-आंगन में खुशहाली का वातावरण बने।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन पर्वों का सीधा संबंध कृषि और प्रकृति से है। उनकी यह विशेष कामना है कि प्रदेश के किसान भाई-बहन समृद्ध बनें और उनके परिश्रम का फल उन्हें सम्मान और खुशहाली के रूप में प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि पर्व हमें सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।
मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति के अवसर पर कहा कि यह पर्व स्नान, दान और उपासना का महापर्व है। भगवान सूर्य देव के उत्तरायण होने के साथ ही जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नए संकल्पों का संचार होता है। उन्होंने प्रार्थना की कि सूर्य देव के आशीर्वाद से सभी का जीवन आरोग्यता, समृद्धि और यश के प्रकाश से आलोकित हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि वे आज उज्जैन में आयोजित होने वाले पाँच दिवसीय श्रीमहाकाल महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। यह भव्य आयोजन 14 से 18 जनवरी तक श्रीमहाकाल महालोक और त्रिवेणी संग्रहालय में संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कला, संस्कृति और वैचारिक विमर्श को समर्पित यह महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से साक्षात्कार कराएगा। यह आयोजन अभ्युदय मध्यप्रदेश एवं स्वाभिमान पर्व-2026 के अंतर्गत किया जा रहा है।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर पद्मश्री सम्मानित सुप्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन अपने दोनों पुत्रों के साथ ‘शिवोऽहम्’ की दिव्य संगीतमय प्रस्तुति देंगे। यह प्रस्तुति श्रद्धा और संगीत का अद्भुत संगम होगी। इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज तथा उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
श्रीमहाकाल महोत्सव का आयोजन संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन, वीर भारत न्यास एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित यह महोत्सव उज्जैन को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना के केंद्र के रूप में और अधिक प्रतिष्ठित करेगा।