1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: CM डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को लाड़ली बहना योजना की 32वीं किश्त करेंगे अंतरित

MP News: CM डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को लाड़ली बहना योजना की 32वीं किश्त करेंगे अंतरित

लाड़ली बहना योजना का राज्य स्तरीय सम्मेलन नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में आयोजित किया जाएगा।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: CM डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को लाड़ली बहना योजना की 32वीं किश्त करेंगे अंतरित

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 32वीं किश्त का अंतररण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1,836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

माखन नगर (बाबई) में होगा राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन

लाड़ली बहना योजना का राज्य स्तरीय सम्मेलन नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

1.25 करोड़ से अधिक बहनों को मिलेगा सीधा लाभ

सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार पात्र बहनों के खातों में यह राशि अंतरित की जाएगी। इससे महिलाओं को मासिक आर्थिक सहयोग समय पर प्राप्त होगा और उनकी आर्थिक स्थिरता और मजबूत होगी।

गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 29 लाख बहनों को 90 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि भी अंतरित करेंगे। यह सहायता घरेलू खर्चों में राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जून 2023 से जारी है योजना, अब मिल रहे 1500 रुपये प्रतिमाह

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के अंतर्गत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद अब पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

अब तक 48,632 करोड़ रुपये से अधिक का हुआ अंतरण

योजना के तहत जून 2023 से दिसंबर 2025 की अवधि में कुल 48,632 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
वहीं जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के दौरान 38,635 करोड़ 89 लाख रुपये का अंतरण किया गया, जो योजना की व्यापकता और प्रभावशीलता को दर्शाता है।

महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित हुआ है। सरकार का मानना है कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने में भी सशक्त बना रही है।

रोजगार और कौशल विकास से जोड़ी जाएंगी लाड़ली बहनाएं

आगामी समय में योजना की हितग्राही महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होकर प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...