मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के तीसरे संस्करण को फ्लैग ऑफ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य मध्यप्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में प्रचारित करना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देशभर से आई 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बाइक ट्रेल भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1400 किलोमीटर लंबी यात्रा होगी, जिसे 7 दिनों में पूरा किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के सचिव और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि “क्वींस ऑन द व्हील्स” केवल एक बाइक राइड नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, साहस और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आईं महिला सुपर बाइकर्स इस यात्रा के दौरान प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अनुभव करेंगी और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से उन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
यह सात दिवसीय बाइक ट्रेल भोपाल से शुरू होकर सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी। इसके बाद यात्रा वापस भोपाल लौटेगी। इस अभियान का समापन 13 मार्च को भोपाल में किया जाएगा।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अनुसार इस पहल का उद्देश्य राज्य के कम-ज्ञात पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इसके साथ ही ग्रामीण पर्यटन सर्किट को मजबूत करने और जिम्मेदार पर्यटन (Responsible Travel) को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस तरह के नवाचारपूर्ण आयोजन मध्यप्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित, रोमांचक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।