उज्जैनः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज श्री अंगारेश्वर महादेव में पूजन के बाद तट पर निर्माणाधीन घाटों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को घाटों पर बैठने, स्नान और आवागमन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी विशेष निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह घाट सिंहस्थ महापर्व 2028 के लिए बनाए जा रहे हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घाटों के आसपास हर 200 मीटर पर कपड़े बदलने के कमरे और टॉयलेट जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जांय। साथ ही 500 मीटर की दूरी पर आसान पहुंच के लिए सीढ़ियां और रास्ते विकसित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री अंगारेश्वर और सिद्धवट के बीच बन रहे पुल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, पुल बनने के बाद दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।