मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बालाघाट जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री महाराष्ट्र के गोंदिया एयरपोर्ट के माध्यम से दोपहर करीब 12 बजे बालाघाट पहुंचेंगे। बालाघाट आगमन के बाद मुख्यमंत्री गृह विभाग द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान अदम्य साहस और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 60 सुरक्षा बल के जवानों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन (पूर्व पदोन्नति) प्रदान की जाएगी। यह सम्मान उन जवानों को दिया जाएगा, जिन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया है।
मुख्यमंत्री का बालाघाट प्रवास दोपहर 12 बजे से लगभग 3 बजे तक रहेगा। इस दौरान वे जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही बालाघाट जिले को कई नई विकासात्मक सौगातें भी मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।