भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरोन्हा प्रशासन में जनजातीय उप योजना बजट उपयोग कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल जनगणना को लेकर प्रदेशवासियों से अहम अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डिजिटल जनगणना में सभी नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक जनगणना के आंकड़े ही तय करते हैं कि कहां स्कूल बनेंगे, कहां अस्पताल की जरूरत है और किस क्षेत्र में किस प्रकार का विकास किया जाना है। मुख्यमंत्री ने नरोन्हा प्रशासन में जनजातीय उप योजना बजट उपयोग कार्यशाला का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल भी मौजूद रहे।

सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनजातीय समाज के कल्याण के लिए बड़े बजट का प्रावधान करती है। उन्होंने जोर दिया कि इस बजट का सही उपयोग हो, ताकि जनजातीय समाज भी विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ सके। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जनजातीय वर्ग के लिए रोजगार और विकास के अवसर बढ़ा रही है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा और लोकतंत्र को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग दोहरे मापदंड अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ आरक्षण का समर्थन करते हैं, वहीं दूसरी ओर परिसीमन और जनगणना का विरोध करते हैं। सीएम ने विपक्ष से अपील की कि वे इस अभियान में सरकार का सहयोग करें। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री ने जनगणना, जनजातीय विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट