खड़गपुर (पं. बंगाल): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खड़गपुर में आयोजित रोड शो में सहभाग किया। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान डॉ. यादव भी जनता पर पुष्प वर्षा करते रहे।

रोड शो के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चुनाव की इस बेला में आपका चमकता हुआ चेहरा बता रहा है कि बंगाल में कमल का फूल खिलने वाला है। अब भारतीय जनता पार्टी को बंगाल में चुनाव जीतने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी धीरे-धीरे दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जैसे लोग जिनके परिवार में कोई सांसद नहीं, कोई विधायक नहीं, मंत्री का तो सवाल ही नहीं लेकिन एक सामान्य कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया ये हमारी पार्टी के काम करने का तरीका है।

डॉ. यादव ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में माहौल बना। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी में विश्वनाथ लोक का निर्माण हुआ। उज्जैन में बाबा महाकाल का महालोक बना और अयोध्या में भगवान श्रीराम का धाम जगमगा रहा है। और आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोर्ट भी अपना निर्णय करेगी और निर्णय पक्ष में आया तो लागू कराने का दम भी हमारे प्रधानमंत्री के पास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बांग्लादेश के घुसपैठिए धीरे-धीरे बंगाल का माहौल खराब कर रहे हैं। लेकिन यहां बनने वाली भाजपा सरकार के नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ेगा। आने वाले चुनाव के लिए सब संकल्प करें कि चुनाव के दिन तक एकजुट रहना है। जब तक एक एक वोट नहीं पड़ जाय हम चुप नहीं बैठेंगे।