भोपालः झलारिया गांव के बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय भागीरथ के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने बच्चे के परिजनों को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिय हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उज्जैन के बड़नगर अंतर्गत झलारिया गांव में बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय भागीरथ के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, SDERF और NDRF की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश बालक को नहीं बचाया जा सका। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। सरकार की ओर से परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है।