1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. Loksabha Election: पहले चरण में 6 सीटों पर 88 उम्मीदवार, 1.13 करोड़ मतदाता तय करेंगे भविष्य, वोटिंग जारी

Loksabha Election: पहले चरण में 6 सीटों पर 88 उम्मीदवार, 1.13 करोड़ मतदाता तय करेंगे भविष्य, वोटिंग जारी

मध्य प्रदेश में पहले चरण में 6 लोकसभा सीटों के लिए 88 उम्मीदवार हैं, जिनमें 81 पुरुष और 7 महिलाएं हैं। जबलपुर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार हैं।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भाजपा शासित राज्य की 29 लोकसभा सीटों में से शहडोल, मंडला (दोनों अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित), जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और सीधी सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। ये छह निर्वाचन क्षेत्र 13 जिलों में फैले हैं।

अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अधिकांश स्थानों पर शाम छह बजे समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से नक्सल प्रभावित बालाघाट संसदीय क्षेत्र के बैहर, लांजी और परसवाड़ा में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।

पहले चरण में 88 उम्मीदवार

छह निर्वाचन क्षेत्रों में 88 उम्मीदवार – 81 पुरुष और सात महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। जबलपुर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार हैं जबकि शहडोल में सबसे कम दस उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जिन 13,588 मतदान केन्द्रों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 1,118 केन्द्रों की प्रभारी महिला अधिकारी हैं। छह निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 1,13,09, 636 (57,20,780 पुरुष, 55,88,669 महिला और 187 ट्रांसजेंडर) है।

मध्य प्रदेश में 2 घंटे के अंदर 14.12 फीसदी मतदान

मध्य प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस बीच दो घंटे यानी की 7 बजे लेकर 9 बजे तक का वोटिंग प्रतिशत सामने आया है। इन दो घंटों के अंदर मध्य प्रदेश में 14.12 फीसदी मतदान हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी वोट डाल चुके हैं। बता दें कि छिंदवाड़ा सीट से कांग्रेस के टिकट पर उनके बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं, बीजेपी ने नकुलनाथ के खिलाफ बंटी साहू को मैदान में उतारा है।

पीएम मोदी ने भी वोटर्स से अपील की

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आज से शुरू हो रहा है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इन सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे अपने युवा साथियों से मेरी यह विशेष अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान करें। लोकतंत्र में हर वोट कीमती है और हर आवाज का महत्त्व है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...