स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के युवाओं को नई दिशा दी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर भारतीय युवा न केवल देश में, बल्कि विश्व पटल पर भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर युवा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं और भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि स्वामी विवेकानंद के विचार-आत्मविश्वास, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति-आज के समय में भी मार्गदर्शक हैं। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे इन आदर्शों को अपनाकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।