कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा के हालिया बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा जवाब दिया है। भाजपा ने उनके आरोपों को निराधार बताते हुए चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं पर कहावत “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने कहा कि SIR (विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया) कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश में वर्ष 1952 से अब तक नौ बार लागू हो चुकी है और वर्तमान में दसवीं बार इसे लागू किया जा रहा है।
चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा भी कांग्रेस की तरह इस प्रक्रिया में भाग ले रही है, लेकिन अंतर यह है कि भाजपा सक्रिय रूप से काम कर रही है ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता को कोई शिकायत या आपत्ति है तो उसकी जांच भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता अब केवल संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का काम कर रहे हैं।
इस मुद्दे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर सियासी टकराव भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।