1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: भोपाल में फिर सजेगा भाषायी और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव, 30 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगा मातृभाषा समारोह

MP News: भोपाल में फिर सजेगा भाषायी और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव, 30 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगा मातृभाषा समारोह

देश के 18 भाषायी परिवारों की सहभागिता देखने को मिलेगी। आयोजन के दौरान विभिन्न भारतीय भाषाओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लोकनृत्य, नाटिकाएँ, पारंपरिक संगीत और भाषायी संस्कृतियों की आकर्षक प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: भोपाल में फिर सजेगा भाषायी और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव, 30 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगा मातृभाषा समारोह

भोपाल में भाषायी और सांस्कृतिक विविधता का भव्य उत्सव एक बार फिर देखने को मिलेगा। मातृभाषा मंच द्वारा मातृभाषा समारोह-2026 का आयोजन 30 और 31 जनवरी तथा 1 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय समारोह बी.एच.ई.एल. दशहरा मैदान में आयोजित होगा।

18 भाषायी परिवारों की सहभागिता

इस समारोह में देश के 18 भाषायी परिवारों की सहभागिता देखने को मिलेगी। आयोजन के दौरान विभिन्न भारतीय भाषाओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लोकनृत्य, नाटिकाएँ, पारंपरिक संगीत और भाषायी संस्कृतियों की आकर्षक प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी। इसके साथ ही पारंपरिक भोजन के स्टॉल, लोकवेश और आभूषण भी उत्सव का आकर्षण होंगे।

हजारों लोगों की भागीदारी की संभावना

कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। नाट्य प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

मातृभाषाओं के महत्व पर केंद्रित आयोजन

यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मातृभाषाओं के महत्व को समाज के सामने लाने का सशक्त माध्यम भी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मातृभाषा को शिक्षा का आधार बनाने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे बच्चों में बेहतर समझ, रुचि, आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति से गहरा जुड़ाव विकसित होता है। यह समारोह भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस से जुड़ा संदर्भ

गौरतलब है कि हर वर्ष 21 फरवरी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है, जिसकी प्रेरणा भारत के बांग्ला भाषा आंदोलन से जुड़ी हुई है। मातृभाषा समारोह इसी भावना को आगे बढ़ाने का कार्य करता है।

2018 से निरंतर आयोजन

मातृभाषा मंच पिछले आठ वर्षों से भोपाल में सक्रिय है और वर्ष 2018 से लगातार इस समारोह का आयोजन कर रहा है। मंच ने सभी भाषायी परिवारों, शिक्षाविदों और नागरिकों से इस महोत्सव में सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि भारत की भाषायी विविधता और सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूती मिल सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...