1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: मध्यप्रदेश बना देश में चीतों का स्थायी घर- CM डॉ. मोहन

Bhopal: मध्यप्रदेश बना देश में चीतों का स्थायी घर- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में चीतों का एकमात्र स्थायी घर है। कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए 9 नए चीतों के साथ कुल संख्या 48 हुई।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: मध्यप्रदेश बना देश में चीतों का स्थायी घर- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कभी एशिया से विलुप्त हो चुके चीते अब एक बार फिर भारत की धरती पर अपनी रफ्तार के साथ लौट आए हैं और मध्यप्रदेश देश में चीतों का एकमात्र स्थायी घर बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष संरक्षण प्रयासों के तहत बोत्सवाना से लाए गए 9 चीते-6 मादा और 3 नर-को शनिवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया।

प्रोजेक्ट चीता की ऐतिहासिक सफलता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुआ प्रोजेक्ट चीता मध्यप्रदेश में निरंतर सफलता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना केवल वन्यजीव पुनर्स्थापन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में चीतों की स्थायी आबादी विकसित करने और पारिस्थितिकीय संतुलन को पुनर्स्थापित करने का एक दीर्घकालिक संकल्प है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

चीतों की संख्या बढ़कर हुई 48

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि अब प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। इनमें से 28 शावक भारत में ही जन्मे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि कूनो नेशनल पार्क का पर्यावरण चीतों के अनुकूल बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की वन्यजीव संरक्षण नीति, वैज्ञानिक प्रबंधन और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षण का मॉडल

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश इस ऐतिहासिक दायित्व को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। प्रोजेक्ट चीता न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए वन्यजीव संरक्षण का एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है। इससे जैव विविधता संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...