1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: SIR के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतंत्र पर सीधा हमला – जीतू पटवारी

Bhopal: SIR के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतंत्र पर सीधा हमला – जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने कहा कि हाल ही में मतदाता सूची में लगभग 11 लाख नए नाम जोड़े जाने और साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। यह स्थिति बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: SIR के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतंत्र पर सीधा हमला – जीतू पटवारी

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुँचकर अधिकारियों से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।

निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुँचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक आरिफ मसूद, विधायक आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, वरिष्ठ नेता जे.पी. धनोपिया, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनोखी पटेल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष साविस्ता जकी, मतदाता सूची प्रभारी ललित सेन सहित अनेक कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मतदाता सूची में हो रही कथित अनियमितताओं को विस्तार से रखा।

11 लाख नए नाम और लाखों मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप

इस अवसर पर जीतू पटवारी ने कहा कि हाल ही में मतदाता सूची में लगभग 11 लाख नए नाम जोड़े जाने और साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। यह स्थिति बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि मताधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

एक व्यक्ति द्वारा सैकड़ों आपत्तियाँ दर्ज करना नियमों का उल्लंघन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियम स्पष्ट हैं, जिनके तहत एक व्यक्ति सीमित संख्या में ही आपत्तियाँ दर्ज कर सकता है। इसके बावजूद प्रदेश के कई जिलों से ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जहाँ एक ही व्यक्ति द्वारा 200-200 आपत्तियाँ दर्ज कराई गईं। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

भाजपा के BLA और BLO की मिलीभगत का आरोप

श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और कुछ बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की मिलीभगत से मतदाताओं पर दबाव बनाकर फॉर्म-7 जबरन भरवाए जा रहे हैं। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुँच रहा है और आम नागरिकों का मतदान अधिकार प्रभावित हो रहा है।

निर्वाचन आयोग से कांग्रेस की स्पष्ट मांगें

प्रदेश कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी में संलिप्त BLO पर तत्काल कार्रवाई की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, तथा निर्वाचन आयोग के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन भी किया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...