मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला, जबकि कुछ जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर, रीवा और दतिया में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। रीवा में विजिबिलिटी सबसे कम रही, जो करीब 50 मीटर तक सिमट गई।
इसके अलावा सतना, भोपाल, उज्जैन, श्योपुर, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, विदिशा, देवास, रतलाम, राजगढ़, नर्मदापुरम, धार, गुना, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर और बालाघाट समेत 20 से अधिक जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया।
मौसम में बदलाव के चलते रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि दिन के समय ठंड का असर और तेज हो गया है। प्रदेश के बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। खजुराहो (छतरपुर) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पचमढ़ी-दतिया में 7.8 डिग्री, उमरिया में 7.9 डिग्री, रायसेन में 8.2 डिग्री, सतना में 8.6 डिग्री, मंडला में 8.9 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, दमोह में 9.5 डिग्री, नौगांव में 9.6 डिग्री, मलाजखंड में 9.7 डिग्री और सीधी में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान गुना और शाजापुर समेत 8 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। शाजापुर में हल्की बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि इंदौर में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार नर्मदापुरम, पचमढ़ी, विदिशा, राजगढ़ और शाजापुर में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दोपहर के समय गुना, राजगढ़, सागर और रायसेन के सांची क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
1 फरवरी: ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
2 फरवरी: नीमच, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश की संभावना है।
3 फरवरी: ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में बारिश का अलर्ट रहेगा। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी बना रह सकता है।