1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: SIR-2026 में बैतूल ने रचा कीर्तिमान, राज्यपाल के हाथों कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी सम्मानित

Bhopal: SIR-2026 में बैतूल ने रचा कीर्तिमान, राज्यपाल के हाथों कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी सम्मानित

कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के सतत मार्गदर्शन, नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी समीक्षा के चलते निर्वाचन अमले ने आयोग के निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध और समयबद्ध कार्ययोजना पर सफलतापूर्वक अमल किया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: SIR-2026 में बैतूल ने रचा कीर्तिमान, राज्यपाल के हाथों कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी सम्मानित

बैतूल जिले के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि का क्षण है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के अंतर्गत उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन और नवाचारपूर्ण कार्य के लिए बैतूल के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सम्मानित किया। यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।

प्रदेश स्तर पर बैतूल के कार्यों की सराहना

समारोह में बैतूल जिले द्वारा मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन और विशेष गहन पुनरीक्षण में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की प्रदेश स्तर पर प्रशंसा की गई। अभियान के तहत बैतूल ने मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन में प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जो प्रशासनिक दक्षता और टीमवर्क का सशक्त प्रमाण है।

आमला विधानसभा ने बनाया रिकॉर्ड

इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि आमला विधानसभा प्रदेश की पहली ऐसी विधानसभा बनी, जहाँ मतदाताओं का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सबसे पहले पूर्ण किया गया। यह उपलब्धि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुई है।

इन अधिकारियों को भी मिला सम्मान

राज्यपाल द्वारा कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें- उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आमला शैलेंद्र बड़ोनिया बीएलओ सुपरवाइजर रामप्रसाद पाल शामिल रहे। समारोह में मुख्य सचिव अनुराग जैन और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सतत मॉनिटरिंग और तकनीकी नवाचार का परिणाम

कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के सतत मार्गदर्शन, नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी समीक्षा के चलते निर्वाचन अमले ने आयोग के निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध और समयबद्ध कार्ययोजना पर सफलतापूर्वक अमल किया। बीएलओ एप के माध्यम से मतदाताओं का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कर गणना पत्रकों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया गया, जिससे निर्वाचन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी।

भविष्य के चुनावों के लिए मजबूत आधार

SIR-2026 में बैतूल को मिली यह उपलब्धि न केवल जिले के प्रशासनिक कौशल को रेखांकित करती है, बल्कि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए एक मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद आधार भी तैयार करती है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...