मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन जिले का बड़नगर अब इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और बड़नगर भी विकास की इस प्रक्रिया में अग्रणी रहेगा। मुख्यमंत्री यह बात मुख्यमंत्री निवास में उस समय कह रहे थे जब बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के नागरिक नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति के लिए उनका आभार व्यक्त करने पहुंचे। इस अवसर पर नागरिकों ने मुख्यमंत्री का साफा और गजमाला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग का निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। इस नए मार्ग के बनने से रतलाम और उज्जैन के बीच की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रा समय में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग गंभीर डैम के पास से नागदा होते हुए रतलाम को जोड़ेगा और उज्जैन तथा बड़नगर को तीन प्रमुख मार्गों से रतलाम से बेहतर तरीके से जोड़ देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रस्तावित मार्ग सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में रतलाम से उज्जैन आने वाले श्रद्धालु मुख्य रूप से बदनावर-बड़नगर मार्ग से आते हैं, जिसकी लंबाई लगभग 115 किलोमीटर है। नए मार्ग की कुल लंबाई लगभग 74 किलोमीटर होगी, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। इससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़नगर क्षेत्र में संचालित गौशालाओं को नरवाई प्रबंधन के लिए मशीनें खरीदने हेतु स्वेच्छानुदान से अंश राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे नरवाई की समस्या के समाधान के साथ गौशालाओं को पशुओं के लिए पर्याप्त भूसा भी उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र की व्यायामशालाओं को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि धार जिले में स्थापित होने वाला देश का पहला पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा और इसका लाभ बड़नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उज्जैन में नया विमानतल बनाया जा रहा है, जिससे बड़नगर सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। आने वाले समय में रतलाम के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात से भी बड़नगर का संपर्क और बेहतर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। नई सड़क परियोजनाओं से बड़नगर सहित पूरे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोह में बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या, अंतर सिंह देवड़ा, उमराव सिंह और विजय चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।