1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. US : अमेरिका में खत्म हुआ सबसे लंबा शटडाउन, ट्रंप ने बताई बड़ी जीत

US : अमेरिका में खत्म हुआ सबसे लंबा शटडाउन, ट्रंप ने बताई बड़ी जीत

अमेरिका में 43 दिन से चला आ रहा इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन कांग्रेस द्वारा विधेयक पारित किए जाने के बाद खत्म हो गया।राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी को अंततः समझौता करना पड़ा।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
US : अमेरिका में खत्म हुआ सबसे लंबा शटडाउन, ट्रंप ने बताई बड़ी जीत

अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा चलने वाला सरकारी शटडाउन आखिरकार 43 दिनों बाद खत्म हो गया है।अमेरिकी कांग्रेस ने शटडाउन समाप्त करने वाले विधेयक को पारित किया, जिस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर कर दिए। इस विधेयक के लागू होते ही संघीय सरकार का कामकाज फिर से शुरू हो गया और उन कर्मचारियों को दोबारा बहाल किया गया जिन्हें शटडाउन के दौरान नौकरी से निकाला गया था।

रिपब्लिकन पार्टी की जीत, डेमोक्रेटिक पार्टी को झुकना पड़ा

प्रतिनिधि सदन में सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी ने 222-209 के मतों से इस विधेयक को पारित कराया। सीनेट पहले ही इसे मंजूरी दे चुकी थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस विधेयक के पारित होने को अपनी “बहुत बड़ी जीत” बताया। दूसरी ओर, डेमोक्रेटिक पार्टी किफायती देखभाल कानून (Affordable Care Act) के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य कवरेज के लिए टैक्स क्रेडिट बढ़ाने की मांग कर रही थी, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया। इस मुद्दे पर दोनों पार्टियों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा था, जिससे यह शटडाउन इतना लंबा खिंच गया। अंततः डेमोक्रेटिक पार्टी को समझौता करना पड़ा।

समझौते की मुख्य शर्तें

शटडाउन समाप्त करने के लिए जो समझौता हुआ है, उसके तहत अमेरिकी सरकार 31 जनवरी 2026 तक बिना रुकावट के काम कर सकेगी। इस समझौते के अंतर्गत तीन वार्षिक व्यय विधेयकों को वित्तपोषित किया गया है। रिपब्लिकन पार्टी ने यह भी वादा किया है कि दिसंबर के मध्य तक स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी बढ़ाने के लिए मतदान कराया जाएगा, हालांकि इसकी सफलता की कोई गारंटी नहीं दी गई है।

कर्मचारियों को राहत

इस समझौते के तहत शटडाउन शुरू होने के बाद से निकाले गए सभी संघीय कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखा जाएगा। इसके अलावा जनवरी तक किसी नई छंटनी पर रोक रहेगी और यह सुनिश्चित किया गया है कि कर्मचारियों को बकाया वेतन का पूरा भुगतान किया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...