1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहायता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहायता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागलवाड़ी में आयोजित प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट के अवसर पर बड़वानी जिले के प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एनआरएलएम की लखपति दीदियों, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और उन्नत किसानों से उनके अनुभव सुने और उपलब्धियों के लिए बधाई दी।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहायता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागलवाड़ी में आयोजित प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट के अवसर पर बड़वानी जिले के प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एनआरएलएम की लखपति दीदियों, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और उन्नत किसानों से उनके अनुभव सुने और उपलब्धियों के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, ग्रामीण युवाओं और खिलाड़ियों को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

लखपति दीदी बनी ‘ड्रोन दीदी’, आय और पहचान दोनों में वृद्धि

ग्राम भागसुर (सीमा नरगावे) की ड्रोन दीदी ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह से जुड़कर जैविक खेती और ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण लिया। अब वे अन्य महिलाओं को भी जैविक खेती सिखा रही हैं। ड्रोन से उर्वरक व कीटनाशक छिड़काव से समय और लागत दोनों की बचत हो रही है, जिससे नियमित आय के साथ उन्हें नई पहचान मिली है।

हॉकी खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रो-टर्फ की सौगात

राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स्नेहा मोहनिया ने मुख्यमंत्री को अपनी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बड़वानी में एस्ट्रो-टर्फ सुविधा की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि बड़वानी में हॉकी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण हेतु एस्ट्रो-टर्फ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।

शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण, कोच को प्रोत्साहन राशि

एयर राइफल शूटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी वैष्णवी महुले से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य स्तरीय शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही जुलवानिया में शूटिंग क्लब संचालित कर रहे प्रशिक्षक नीरज को बालिकाओं की उत्कृष्ट ट्रेनिंग के लिए 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

‘गुड़ की चाय’ से किसान बना उद्यमी

ग्राम घटवा के उन्नत किसान महेश पाटीदार ने अपने नवाचार “गुड़ की चाय” के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के तहत 28 लाख रुपये का ऋण लिया, जिसमें 10 लाख रुपये का अनुदान मिला। वर्तमान में वे प्रतिवर्ष 500 क्विंटल पैकेट बेच रहे हैं और लक्ष्य 1000 क्विंटल का है। उनका उत्पाद अमेज़न सहित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

केला स्टार्टअप से वैश्विक पहचान

बड़वानी के अमोल महाजन ने बताया कि उन्होंने अमेरिका की नौकरी छोड़कर देश में केला उत्पादन का स्टार्टअप शुरू किया। आज उनका केला दुबई, ईरान और इराक सहित कई देशों में निर्यात हो रहा है। मुख्यमंत्री ने उनकी उद्यमशीलता की प्रशंसा करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्पद बताया।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन सरकार की प्राथमिकता है। खेती, उद्यमिता और खेल-तीनों क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देकर मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया जाएगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...