मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सतना प्रवास के दौरान शासकीय मेडिकल कॉलेज में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन का विधिवत भूमि-पूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद सतना शहर और आसपास के जिलों के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
नवीन अस्पताल भवन के निर्माण से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को उपचार की प्रैक्टिस के लिए अब अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज परिसर के समीप ही 650 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल उपलब्ध होने से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं-दोनों को बड़ी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर जिला अस्पताल सतना में बनने वाले 100 बिस्तरीय आधुनिक वार्ड और 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ वार्ड का भी शिलान्यास किया। इन दोनों स्वास्थ्य इकाइयों की कुल लागत 32 करोड़ 54 लाख रुपये बताई गई है। इसके निर्माण से गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने सतना में 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह के निर्माण का भी शिलान्यास किया, जिसकी लागत 6 करोड़ 16 लाख रुपये है। यह विश्राम गृह शहर में कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. गर्ग, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सतना में शुरू की गई ये परियोजनाएं न केवल जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए बेहतर चिकित्सा सेवाओं का आधार बनेंगी।