1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सिमराली में 400 जोड़ों का होगा भव्य सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे आशीर्वाद

सिमराली में 400 जोड़ों का होगा भव्य सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे आशीर्वाद

अब तक कुल 400 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। खास बात यह है कि इस सम्मेलन में सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिल रही है, कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। वे सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

By: Naredra 
Updated:
सिमराली में 400 जोड़ों का होगा भव्य सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे आशीर्वाद

धारः जिले के सिमराली में सामाजिक समरसता और जनसेवा का एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। स्थानीय विधायक कालूसिंह ठाकुर के निवास पर 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री कन्या निशुल्क विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि आने वाले सभी जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में वर-वधू एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। जानकारी के अनुसार, धरमपुरी ब्लॉक से करीब 200 और नालछा ब्लॉक से भी लगभग 200 जोड़े इस आयोजन में शामिल होंगे। इस तरह कुल 400 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। खास बात यह है कि इस सम्मेलन में सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिल रही है, जिसमें एक मुस्लिम समुदाय का जोड़ा भी शामिल है, जो सामाजिक सौहार्द का संदेश दे रहा है।

इस आयोजन की विशेषता यह भी है कि विधायक कालूसिंह ठाकुर के पुत्र पवन (टोनी) ठाकुर तथा उनकी भतीजी किरण भी इसी सम्मेलन में विवाह सूत्र में बंधेंगे। इससे कार्यक्रम को और अधिक पारिवारिक और सामाजिक महत्व मिल गया है।

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। वे सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे। प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, भोजन, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

धार से संवाददाता सौभाग प्रजापति की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...