मध्य प्रदेश के शिवपुरी में धर्म, भक्ति और सेवा की त्रिवेणी के साथ एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री नीलमणि दास जी महाराज (खेड़ापति दरबार) ने एक प्रेस वार्ता के माध्यम से श्रीमद् भागवत कथा और 1000 सहस्त्र चंडी महायज्ञ के भव्य आयोजन की घोषणा की।
स्वामी श्री नीलमणि दास जी महाराज ने जानकारी दी कि यह विशाल आयोजन 19 से 25 मार्च तक झांसी रोड स्थित हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान देशभर से संत समाज, श्रद्धालु और विशिष्ट अतिथि शिवपुरी पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
इस आध्यात्मिक महाकुंभ में विश्व विख्यात कथा वाचक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी (वृंदावन) कथा व्यास के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी श्रीमद् भागवत कथा से भक्तों को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश मिलेगा।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस आयोजन में धर्म के साथ-साथ राजनीति के प्रमुख चेहरे भी शिरकत करेंगे। प्रमुख रूप से-
योगी आदित्यनाथ
डॉ. मोहन यादव
ज्योतिरादित्य सिंधिया
इनके साथ ही देश के अनेक विद्वान संतों के आशीर्वचन भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे।
स्वामी श्री नीलमणि दास जी महाराज ने विशेष रूप से बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा। 26 मार्च, आयोजन के समापन पर 11 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। यह पहल इस धार्मिक उत्सव को मानवता, सेवा और सामाजिक दायित्व से जोड़ती है।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से शिवपुरी न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि देशभर में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सेवा का केंद्र बनने जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन भक्ति, संस्कार और सेवा-तीनों का संगम साबित होगा।