विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में 52वाँ खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय समारोह की इस वर्ष की थीम ‘नटराज’ रखी गई है, जो नृत्य, लय और सृजन का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन के मुख्य स्थल कंदरिया महादेव मंदिर एवं जगदंबा मंदिर परिसर होंगे।
सात दिवसीय समारोह में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा का दर्शन होगा। मंच पर कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, कथकली, मणिपुरी और छाऊ जैसी प्रमुख नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियाँ होंगी। देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ-साथ उदीयमान प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
समारोह के अंतर्गत इस वर्ष कई नवाचार जोड़े गए हैं। राष्ट्रीय बाल नृत्य महोत्सव, पहली बार सांस्कृतिक रैली, ‘नटराज’ प्रदर्शनी, खजुराहो कार्निवाल, लयशाला, कलावार्ता, आर्ट-मार्ट, तथा शिल्प एवं जनजातीय व्यंजन स्टॉल दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे।
समारोह के दौरान मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विविध पर्यटन गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी। इनमें हॉट एयर बैलून, विलेज टूर, ई-बाइक टूर, कैम्पिंग और वॉटर स्पोर्ट्स शामिल हैं, जो खजुराहो की सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यटन अनुभव को और समृद्ध करेंगे।
खजुराहो नृत्य समारोह एक बार फिर भारतीय शास्त्रीय नृत्य, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक परंपरा का भव्य उत्सव बनेगा। ऐतिहासिक मंदिरों की पृष्ठभूमि में प्रस्तुत होने वाला यह आयोजन देश-विदेश के कला प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव प्रदान करेगा।