1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. खंडवा में लाड़ली बहना योजना का 33वां राशि वितरण कार्यक्रम… CM डॉ. मोहन ने बहनों के खातों में की राशि अंतरण, विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

खंडवा में लाड़ली बहना योजना का 33वां राशि वितरण कार्यक्रम… CM डॉ. मोहन ने बहनों के खातों में की राशि अंतरण, विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को किसान कल्याण वर्ष के रूप में आगे बढ़ा रही है। गेहूं, सोयाबीन और अन्य फसलों के उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
खंडवा में लाड़ली बहना योजना का 33वां राशि वितरण कार्यक्रम… CM डॉ. मोहन ने बहनों के खातों में की राशि अंतरण, विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

खंडवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में पंधाना, जिला खंडवा में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 33वें राशि वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित की। साथ ही जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे, जबकि प्रदेशभर की बहनें डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ी रहीं।

लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 1000 रुपये प्रतिमाह से की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपये किया गया और अब भाई-दूज के अवसर पर इसे 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ लाड़ली बहनें इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं और अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि खंडवा में आयोजित यह कार्यक्रम योजना का 33वां राशि वितरण कार्यक्रम है।

वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले के पंधाना से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ₹1836 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित कर नारी सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ₹252 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं ₹352.41 करोड़ लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान की।

उज्ज्वला योजना, आवास और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार बहुआयामी प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि 25 लाख बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए 111 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को सर्वे के आधार पर मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बनाना है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अब तक 62 लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। भविष्य में ऐसे उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जहां बहनों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक का रोजगार मिल सकेगा।

शिक्षा, आरक्षण और सामाजिक सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह के माध्यम से गरीब बेटियों के विवाह के लिए सरकार 55 हजार रुपये प्रति जोड़ा की सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि SC, ST और OBC वर्ग के विद्यार्थियों को कलेक्टर, एसपी जैसी उच्च सेवाओं की तैयारी और कोचिंग के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में सीएम राइज स्कूल जैसे आधुनिक शासकीय विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें बेहतर शिक्षा, आधुनिक फर्नीचर और खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कृषि और पशुपालन को लेकर अहम घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को किसान कल्याण वर्ष के रूप में आगे बढ़ा रही है। गेहूं, सोयाबीन और अन्य फसलों के उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने बताया कि प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य तय किया गया है। यदि कोई किसान 25 गायों की डेयरी स्थापित करता है, तो सरकार 40 लाख रुपये की लागत पर 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान करेगी। इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यदि बहनें एक एकड़ में बगिया लगाती हैं, तो तीन वर्षों तक पूरा खर्च सरकार वहन करेगी

खंडवा को मिली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 301 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया और सुत्ता माइक्रो सिंचाई परियोजना की घोषणा की। इसके अलावा खंडवा में 252 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना तथा पंधाना में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बस स्टैंड का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

धार्मिक पर्यटन, रेल और कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि ओंकारेश्वर (ममलेश्वर) क्षेत्र में करीब 3000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें एकात्म धाम और हेलीकॉप्टर सेवा शामिल है। उन्होंने कहा कि खंडवा से ओंकारेश्वर और इंदौर तक रेल लाइन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे दिल्ली और मुंबई की दूरी कम होगी और नया परिवहन कॉरिडोर विकसित होगा।

सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय गौरव का उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा को किशोर कुमार की नगरी और टंट्या मामा की जन्मस्थली बताते हुए नमन किया। उन्होंने खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने भगोरिया उत्सव को राष्ट्रीय पर्व का दर्जा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

नई घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पंधाना तालाब को नगर परिषद को हस्तांतरित करने, एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत प्याज प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, सुत्ता माइक्रो सिंचाई परियोजना को अंतिम मंजूरी देने की घोषणाएं कीं।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लाड़ली बहनें रहीं मौजूद

कार्यक्रम में मंत्री कुंवर विजय शाह, मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के विकास में सहयोग की अपील की।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...