रिपोर्ट: सत्यम दुबे
गुरुग्राम: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ की अचानक तबियत खराब होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कमलनाथ को छाती में दर्द होने की शिकायत के बाद मेंदात अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बुधवार सुबह कमलनाथ के छाती में दर्द की शिकायत हुई इसके बाद आनन फानन में उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
आपको बता दें कि फरवरी महीने में मध्य प्रदेश के इंदौर के एक निजी अस्पताल में लिफ्ट गिरने के हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बाल बाल बच गए थे। वहीं, हादसे के प्रभाव के चलते घबराहट की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और फिर उनका अस्पताल में ही ब्लड प्रेशर चेक कराया गया था। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फोन कर कमलनाथ की सेहत के बारे में जानकारी ली थी।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इंदौर के एक निजी अस्पताल में उस वक्त बाल-बाल बच गए थे जब वह लिफ्ट में मौजूद थे और लिफ्ट अचानक से 10 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ी थी। वहीं, लिफ्ट गिरने की एक वजह ओवरलोड होना भी बताया गया था।
हादसे के बाद कमलनाथ को इंदौर के DNS अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर पटेल को देखने पहुंचे थे। इसी क्रम में कमलनाथ के साथ कांग्रेस के अन्य नेता भी लिफ्ट में ऊपर जाने के लिए सवार हो गए और इस बीच लिफ्ट अचानक 10 फीट नीचे गिर पड़ी और दरवाजे लॉक हो गए। इसके बाद तकरीबन 10 मिनट बाद बमुश्किल औजार ढूंढ़ कर लिफ्ट का लॉक खोला गया। इसके बाद कमलनाथ का ब्लड प्रेशर चेक कराया गया था।