देहरादून: महापौर सुनील उनियाल गामा व विधायक खजानदास की उपस्थिति में व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें व्यापारियों ने स्मार्ट सिटी के कार्य जल्द से जल्द पूरे करने की मांग उठाई।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में स्मार्ट सिटी के अधिकारियों व दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें स्मार्ट सिटी के कार्यों में हो रही देरी व दुकानदारों के टूटे छज्जों के निर्माण जल्द पूरा करने पर सहमति बनी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि शहर में नालियों, नाले, दुकानों के बाहर फुटपाथ, पेयजल लाइनें, सीवरेज आदि का कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि व्यापारियों व ग्राहकों को दिक्कतें न हों।
पहले प्रशासन ने 15 जनवरी तक सभी कार्य पूरे होने की बात कही थी। इस पर महापौर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि कोरोनाकाल के कारण यह तिथि अब 31 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है। व्यापारियों ने कहा के स्मार्ट सिटी शहर में एक कार्य छह दिन में पूरा करे, अन्यथा दुकानदारों का आॢथक नुकसान और ज्यादा होगा।
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा की अगर छह दिनों के भीतर निर्धारित कार्य स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने पूरा नहीं किया तो व्यापारी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस अवसर पर दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हरीश विरमानी, शेखर फुलारा, संरक्षक रवि मल्होत्रा, महासचिव पंकज दिदान, सहसचिव अनिल आनंद, कोषाध्यक्ष राकेश किशोर गुप्ता, मनन आनंद, विवेक सेठी, मनीष मोनी, मोहित मोनी, दिव्य सेठी आदि मौजूद रहे।