रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने मंगलवार से सूबे के सभी 75 जिलों में वैक्सीनेशन का महा-अभियान शुरु कर दिया है। सरकार ने जून महीने में 18 से 44 साल और 45 साल से अधिक आयु के एक करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीनेट करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश में 6 हजार सेंटर बनाए गए हैं। सीएम योगी ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में बने एक टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया।
सीएम योगी ने कहा कि, अब तक पूरे देश में 21 करोड़ से अधिक लोगो ने वैक्सीन ले लिया है। प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 83 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। अकेले जून महीने में हमारा लक्ष्य है कि हम 90 लाख से 1 करोड़ लोगों को वैक्सीन देंगे। इसके लिए हमने 2100 बूथ प्रदेश भर में स्थापित किए गए हैं। 45 प्लस के लिए 3 हजार बूथ पूरे प्रदेश में बनाए गए हैं।
इस दौरान सूबे के कई सेंटरों पर सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां भी उड़ी। दोपहर बाद भीड़ देखी गई। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मंगलवार की दोपहर अचानक भीड़ उमड़ी। जहां कड़ी मशक्कत के बाद नोडल अधिकारियों की मदद से गेट बंद कराया गया।
सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा कि “प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क कोविड टीकाकरण महाभियान प्रारम्भ हो रहा है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस महाभियान को सफल बनाएं। आप सभी लगवाएं “टीका जीत का” और कोरोना की पराजय सुनिश्चित करें। कोरोना हारेगा, भारत जीतेगा।“