रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपके भी होश उड़ जायेंगे। यहां एक शख्स ने नाम बदलकर एक महिला से शादी की और उसके बाद उसे धर्म बदलने के लिए मजबूर किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ पति ने रेप भी किया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से बदले हुए नाम से मतदाता पहचान पत्र भी बरामद हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार गुडंबा थाना क्षेत्र में रहने वाली 35 साल की महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कानपुर के रहने वाले इमरान खान ने उसे अपना नाम संजय चौहान बताया था। इमरान ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। कई बार की मुलाकात के बाद इमरान ने संजय चौहान नाम से उससे शादी कर ली। शादी के बाद कुछ दिन तक तो सबकुछ ठीक रहा लेकिन उसके बाद इमरान उसे प्रताड़ित करने लगा।
महिला ने आरोप लगाया है कि वह पहले से तलाकशुदा थी तो उसकी एक बेटी भी थी। इमरान उसपर धर्म बदलने के लिए दबाव बना रहा था। धर्म बदलने की बात न मानने पर उसने नाबालिग बेटी के साथ रेप भी किया जिसकी पुष्टि भी हुई है। महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को पुरी की पुलिया मीट मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की मानें तो गिरफ्तार आरोपी के पास से संजय चौहान के नाम से मतदाता पहचान पत्र के साथ ही कई अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। DCP नार्थ जोन देवेश पांडे की मानें तो आरोपी को जेल भेज दिया गया है।