उत्तर प्रदेश के मंत्रियों की चुनौती को स्वीकार करने को तैयार मनीष सिसोदिया, पढ़े
आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश के मंत्रियों की चुनौती को स्वीकार करते हैं और स्कूली मॉडल पर बहस करने के लिए 22 दिसंबर को लखनऊ आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम 2022 का यूपी चुनाव लड़ेंगे, तब यूपी सरकार के कई मंत्रियों ने हमें दिल्ली के स्कूलों के मॉडल और उत्तर प्रदेश के स्कूलों के मॉडल पर बहस करने की चुनौती दी।
मैं इस चुनौती को स्वीकार करता हूं। मैं 22 दिसंबर को लखनऊ आऊंगा। मुझे बताएं कौन बहस करेगा।
मनीष सिसोदिया ने आगे कहा, न्यूज रिपोर्ट्स से यूपी के स्कूलों की स्थिति का पता चलता है। इन रिपोर्ट्स के आधार पर मैं यूपी के मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि उन्होंने बीते 4 साल काफी आनंद ले लिया है और अब 1 साल और बचा है। या तो यूपी के स्कूलों में सुधार करें या फिर एक साल बाद लोग यूपी की राजनीति में बदलाव कर देंगे।
आपको बता दें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि आम आदमी पाटी 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने ये भी कहा कि अगर उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में चुनी जाती है कि तो वह राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाएंगे।
उन्होंने वर्चुअल मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी में तीन बार सरकार बनाई है और बीते आठ साल में राज्य विधानसभा चुनाव में पंजाब में एक प्रमुख विपक्षी दल बनकर भी उभरी है। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह एक जरूरी घोषणा करने जा रहे हैं कि उनकी पार्टी साल 2022 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी लड़ेगी।