मैनपुरी में शनिवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर आयोजित शांति मार्च और जनसभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि, ये दोनों ही दल पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। देश में विरोध सीएए का नहीं हैं, ये विरोध अनुच्छेद 370, तीन तलाक और राम मंदिर मुद्दे पर सरकार को मिली सफलता का है।
मौर्य ने अपने संबोधन और पत्रकारों से वार्ता में कहा कि, सरकार ने अनुच्छेद 370 और धारा 35 ए को खत्म किया, तीन तलाक कानून बनाया और राम मंदिर विवाद का खत्मा हुआ। विरोधी दलों में आक्रोश सरकार की सफलता का है, सीएए का नहीं।
सीएए को लेकर विरोधी दल दुष्प्रचार कर रहे हैं। देश का मुस्लमान सीएए के विरोध में नहीं है, नागरिकता संशोधन बिल का विरोध कांग्रेस और सपा कर रही हैं, क्योंकि इनका अस्तित्व खतरे में है।
इस बीच उन्होंने कहा कि, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव में मुस्लिम वोटों को लेकर होड़ मची हुई है। मुस्लमान किसके साथ हैं, इसको लेकर दोनों नौटंकी करने में लगे हुए हैं। देश के किसी भी मुस्लमान की इससे नागरिकता नहीं जाएगी।
डिप्टी सीएम ने जेएनयू की घटना के लिए कांग्रेस और आप को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि, जेएनयू में जो हुआ वह कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को बदनाम करने की साजिश थी।