झांसी में नागरिकता संशोधन विधेयक के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 18 जनवरी को जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई।
पार्टी के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि, पिछले दिनों संसद में नागरिकता संशोधन विधेयक के पारित होने के बाद समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी ने लोगों को यह कहकर गुमराह किया कि यह विधेयक लोगों को भारत से भगाने का है।
साथ ही उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने एक माह के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनके माध्यम से हम आम लोगों को यह जानकारी दे रहे हैं कि, यह सीएए लोगों को भारत से भगाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें भारत की नागरिकता देने के लिए है।
इसके साथ अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि, मानव श्रृंखला बनाने का उद्देश्य यही था कि लोगों तक इस विधेयक की सच्चाई के बारे में जानकारी पहुंचे। इसके पूर्व जागरूकता रैली ने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया।