1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी ने बाढ़ को लेकर की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सीएम योगी ने बाढ़ को लेकर की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रबन्धन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में बाढ़ की दृष्टि से अतिसंवेदनशील और संवेदनशील जनपदों के जिलाधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की तथा अपनी तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सीएम ने निर्देश दिए कि बाढ़ के दौरान संचालित किये जाने वाले बचाव एवं राहत कार्य और तटबन्धों की सुरक्षा के लिए कराए जा रहे कार्यों को 15 जून तक पूरा कराना सुनिश्चित करें।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रबन्धन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में बाढ़ की दृष्टि से अतिसंवेदनशील और संवेदनशील जनपदों के जिलाधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की तथा अपनी तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापक जन-धन हानि के लिए दशकों कारण रही बाढ़ की समस्या के स्थायी निदान के लिए पिछले 06 वर्षों में किए गए सुनियोजित प्रयासों के अच्छे परिणाम मिले हैं। बाढ़ को देखते हुए अति संवेदनशील जिलों की संख्या में अभूतपूर्व कमी आई है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार राज्य सरकार ने आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग कर बाढ़ से खतरे को न्यूनतम करने में सफलता पाई है। बाढ़ से जन-जीवन की सुरक्षा के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय से अच्छा कार्य हुआ है। उन्होंने इस वर्ष भी बेहतर समन्वय, क्विक एक्शन और बेहतर प्रबन्धन से बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिये गये कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले सभी जनपदों में बाढ़ के दौरान संचालित किये जाने वाले बचाव एवं राहत कार्य और तटबन्धों की सुरक्षा के लिए कराए जा रहे कार्यों को 15 जून तक पूरा कराना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि मौसम के पूर्वानुमान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय। बाढ़ पूर्व की जा रही तैयारियों के सम्बंध में जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर ली जाय। तटबंधों की सुरक्षा एवं कटान निरोधक कराये जा रहे कार्यों का जिले के उच्च अधिकारी स्वयं और जनप्रतिनिधियों के साथ भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लेकर 15 जून 2023 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को वितरण किये जाने वाली राहत सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बाढ़ के दौरान पशुओं के चारे के साथ-साथ हरा चारा चोकर की भी व्यवस्था की जाए। बाढ़ के दौरान संक्रामक रोगों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर संक्रामक रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने तमाम उन बातों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए जिनसे बाढ़ नियंत्रण में मदद मिल सकती है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...