1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाथरस कांड में दर्ज हुई आरोपियों पर चार्जशीट, प्रियंका का ट्वीट-सत्यमेव जयते

हाथरस कांड में दर्ज हुई आरोपियों पर चार्जशीट, प्रियंका का ट्वीट-सत्यमेव जयते

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

हाथरस कांड में दर्ज हुई आरोपियों पर चार्जशीट, प्रियंका का ट्वीट-सत्यमेव जयते

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दलित युवती से गैंगरेप और हत्या के मामले में सीबीआई ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर ​दी है। सीबीआई की चार्जशीट में चारों आरोपियों पर गैंगरेप और हत्या का आरोप लगाया गया है।

सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में पीड़िता के आखिरी बयान को आधार बनाया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आखिरकार सत्य की जीत हुई। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, एक तरफ सरकार सरंक्षित अन्याय था। दूसरी तरफ परिवार की न्याय की आस थी।

पीड़िता का शव जबरदस्ती जला दिया गया। पीड़िता को बदनाम करने की कोशिशें हुईं। परिवार को धमकाया गया। लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। सत्यमेव जयते।

हाथरस के एक गांव में 14 सितंबर को दलित युवती से चार युवकों ने रेप किया था। इसके बाद उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार की थीं। घायल हालत में मिली युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के अस्पताल रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता ने दम तोड़ दिया था। अगले दिन 30 सितंबर को हाथरस में भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में देर रात करीब दो बजे पीड़िता का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हालांकि, परिजनों ने कहा कि पुलिस ने जबरन उनकी बेटी की अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि परिवार की मौजूदगी में उनकी इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया था।

इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। अक्टूबर में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सीबीआई द्वारा की जा रही जांच की निगरानी इलाहाबाद हाईकोर्ट करेगा। चारों आरोपी संदीप, लवकुश, रवि और रामू न्यायिक हिरासत में हैं।

बता दें, इस मामले में विपक्ष ने यूपी की योगी सरकार को जमकर घेरने की कोशिश की थी। प्रियंका गांधी और राहुल खुद पीड़ित परिजनों से मिलने उनके घर गए थे। इसके बाद कई अन्य दलों के नेता भी पीड़िता के घर पहुंचे थे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...