बागपत- केंद्र सरकार के तीन कृषि बिल के विरोध में किसानों का आंदोलन जारी है। किसानों के समर्थन में राजनीतिक पार्टियां भी प्रदर्शन कर रही हैं। बागपत में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, इस दौरान पुलिस ने उनको रोका।
सपा कार्यकर्ताओं के साथ दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री हाजी तराबुद्दीन भी थे, जो नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस के साथ सपा कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की शुरू हुई। नारेबाजी करते हुए पूर्व मंत्री बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बता दें कि बागपत में सपा कार्यकर्ता किसान आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करने के लिए जिला मुख्यालय की तरफ जा रहे थे कि पुलिस ने उनको रोका। पुलिस के साथ नोंकझोंक और धक्कामुक्की शुरू हुई, इस दौरान सपा कार्यकर्ता जोर-जोर से नारे लगाते रहे।
पूर्व मंत्री हाजी तराबुद्दीन भी नारेबाजी कर रहे थे कि उनकी हालत बिगड़ गई। जमीन पर गिरे पूर्व मंत्री को देखकर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। कार्यकर्ता तुरंत पूर्व मंत्री को अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है।
बागपत जनपद में ही सपा कार्यकर्ता किसान यात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने यूपी की महिला पुलिस पर अभद्र टिप्पणी कर दी, जिसके बाद वहां मौजूद महिला दरोगा सपा कार्यकर्ताओं से भिड़ गईं।
पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को पीछे धकेलते हुए किसान यात्रा निकालने से रोक दिया। इसका सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।