गुजरात में फंसे 1220 प्रवासी मजदूर को लेकर विशेष श्रमिक ट्रेन गुरुवार को सुबह यहां आएगी। इनमें चित्रकूटधाम मंडल के अलावा फतेहपुर जनपद के मजदूर भी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में एकमुश्त आ रहे प्रवासी मजदूरों को लेकर प्रशासन और रेलवे दोनों अलर्ट हो गए हैं।
बतादें कि, पूर्व संध्या पर बुधवार को इन दोनों के अधिकारियों ने रेलवे परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। मजदूरों को ट्रेन से उतरने के बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी और उन्हें रोडवेज बसों से उनके गांव में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों के लिए रवाना किया जाएगा।
बुधवार को दोपहर सूरत से 1220 मजदूरों को लेकर 24 बोगी की विशेष ट्रेन रवाना हो गई। गोधरा, रतलाम, संत हृदाराम नगर, बीना, झांसी होकर गुरुवार को गुरुवार सुबह 6:40 बजे यहां प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचेगी। इनमें बांदा के लगभग 1070 मजदूर हैं। अन्य मजदूर फतेहपुर, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा जनपदों के हैं। उन्हें रोडवेज बसों से उनके गृह जनपद में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर भेजा जाएगा।