JNU में हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस एक्शन में है। पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष आईशी घोष समेत 19 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है लेकिन इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन बॉलीवुड के मशहूर गीतकार जावेद अख्तर आईशी की गिरफ्तारी पर भड़क गए औऱ पुलिस पर गुस्सा निकालते हुए उन्होंने इसे समझ से परे बताया।
आईशी पर FIR के बाद गीतकार जावेद अख्तर ने ट्वीट कर तंज किया और लिखा, JNUSU अध्यक्ष के खिलाफ FIR समझ से परे हैं। आखिर उसने कैसे हाथ में लोहे की रॉड वाले राष्ट्रवादियों, देशप्रेमियों को अपने सिर से रोकने का साहस किया। ये देशद्रोहियों ने हमारे गरीब गुंडों को ठीक से लाठी भी नहीं भांजने दिया। उन्होंने हर बार अपना शरीर सामने कर दिया। मुझे पता है कि उन्हें चोट पसंद है।
छात्र संघ की अध्यक्ष आईशी घोष समेत अन्य छात्रों पर जेएनयू प्रशासन की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है। इन सभी छात्रों पर 4 फरवरी को सर्वर रूम में तोड़फोड़ करने औऱ मौजूद सुरक्षा गार्डों से मारपीट करने का आरोप है।
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की नजर हिंदू रक्षा दल के मुखिया पिंकी चौधरी पर भी है जिन्होंने जेएनयू में हुई मारपीट की जिम्मेदारी ली है। पिंकी चौधरी के दावे पर भी पुलिस ने खुद संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। इतना ही नहीं पुलिस नकाबपोशों को पहचानने की कोशिशों में भी जुट गई है और इसके लिए वीडियो फुटेज औऱ चेहरा पहचानने वाली तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।