1. हिन्दी समाचार
  2. कर्नाटक
  3. कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, 24 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, 24 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

बेंगलुरु: कर्नाटक में सरकार बनने के एक हफ्ते बाद मंत्रिमंडल का विस्तार कर लिया गया है। आज 24 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। नियमानुसार कर्नाटक सरकार में अधिकतम 34 मंत्री ही बन सकते हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित 10 विधायकों को मंत्री पद की 20 मई को शपथ दिलाई गई थी। जिन विधायकों ने शपथ ली थी उनमें वरिष्ठ विधायक एचके पाटिल, कृष्ण बायरेगौड़ा, एन चेलुवरायस्वामी, के. वेंकटेश, डॉ. एचसी महादेवप्पा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंडरे और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव शामिल हैं। वहीं आज केएन राजन्ना, शरणबसप्पा दर्शनपुर, शिवानंद पाटिल, रामप्पा बलप्पा तिम्मापुर, एसएस मल्लिकार्जुन, शिवराज संगप्पा तंगदागी, डॉ शरण प्रकाश रुद्रप्पा पाटिल, मंकल वैद्य, लक्ष्मी हेब्बलकर, रहीम खान, डी. सुधाकर, संतोष लाड, एनएस बोसेराजू, सुरेश बीएस, मधु बंगारप्पा, डॉ. एमसी सुधाकर और बी. नागेंद्र को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

गौरतलब है कि लक्ष्मी हेब्बलकर, मधु बंगारप्पा, डी. सुधाकर, चेलुवरायस्वामी, मंकुल वैद्य और एम सी सुधाकर को शिवकुमार का करीबी माना जाता है। सिद्धारमैया और शिवकुमार पिछले तीन दिनों से दिल्ली में थे और उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार पर पार्टी नेतृत्व से कई दौर की बातचीत की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने मंत्रियों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई। इसमें दक्षिणी राज्य में जाति और क्षेत्रीय समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश की गई है। इसके बाद आज शाम तक मंत्रियों के विभागों की घोषणा की जा सकती है।