1. हिन्दी समाचार
  2. ताजा खबर
  3. संविधान और किसान दोनो को रौंदा गया, संकल्प है कि लड़ेंगे दृढ़ता से: कांग्रेस

संविधान और किसान दोनो को रौंदा गया, संकल्प है कि लड़ेंगे दृढ़ता से: कांग्रेस

Constitution and farmers were both trampled, resolve to fight strongly: Congress; किसान आंदोलन के एक वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर ज़ोरदार हमला। कांग्रेस ने कहा कि संविधान और किसान दोनों को रौंदा गया।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

मुमताज़ आलम रिज़वी

नई दिल्ली : किसान आंदोलन के एक वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर ज़ोरदार हमला किया है। प्रेसवार्ता करते हुए कांग्रेस ने कहा कि संविधान और किसान दोनों को रौंदा गया और इसलिए हमारा संकल्प है कि हम मज़बूती के साथ लड़ेंगें और जीतेंगें। मालूम हो कि  26 नवंबर, 2020 को देश के भाग्यविधाता अन्नदाता किसानों ने कृषि विरोधी कहे जाने वाले क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन का आरंभ किया था। राम लीला मैदान चलो का नारा दिया था। किसानों को सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर रोक लिया गया था जहाँ वो धरना देकर बैठ गए थे और आज भी बैठे हैं। हालांकि प्रधानमंत्री ने एलान कर दिया है तीनों कृषि क़ानून वापस होंगें।

इस पूरे मामले पर कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज उचित दिन है जब हम इन दमनकारी कानूनों की संवैधानिक व्याख्या और प्रासंगिकता की बात कर सकते हैं। 9 दिसंबर, 1946 को संविधान सभा के गठन से 26 जनवरी, 1950 (संविधान को लागू किए जाने तक), संविधान सभा की कुल 165 बैठकें हुईं। बौद्धिक समृद्धि वाले हमारे संविधान सभा के सदस्यों ने इतने लंबे विचार विमर्श के बाद संविधान के अनुच्छेद 246 की सातवीं अनुसूची में ‘‘राज्यों’’ को 14 वें नंबर पर कृषि के विषय में कानून बनाने का दायित्व दिया।

केंद्र के अधिकार वाले विषयों की 97 सूचियों में एक भी जगह केंद्र सरकार को कृषि पर कानून बनाने का अधिकार नहीं दिया। मगर फ़िर भी मोदी सरकार ने किसानों के संवैधानिक अधिकारों को रौंदकर कृषि के क्रूर काले कानून बना दिये। अर्थात आज ही वो सही दिन है जब पूँजीपतियों के हितों को साधने वाली भाजपा सरकार के इस ‘‘असंवैधानिक कृत्य’’ का सर्वाधिक विरोध किया जाना चाहिए।

मोदी सरकार ने भारत के संविधान की समवर्ती सूची (Concurrent List) के विषय 33(B) – ‘व्यापार और वाणिज्य’ में (B) खाद्य पदार्थ, जिसमें खाद्य तिलहन और तेल शामिल हैं, के प्रावधानों के तहत कृषि के असंवैधानिक कानून बना दिए। उन्होंने कहा कि मगर जो सरकार चंद ‘धन्नासेठों की, धन्नासेठों के द्वारा, और धन्नासेठों के लिए’ अपना शासन चलाती हो, उससे अपेक्षा भी क्या की जा सकती है।

हमारे संविधान निर्माताओं ने कभी ख़्वाब में भी नहीं सोचा होगा कि आज़ाद भारत में इतनी क्रूरता से किसानों-मजदूरों और संविधान को ऐसे रौंदा जाएगा। आज काले क्रूर कानूनों से संविधान की हत्या का आरोप भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार पर है, तो किसानों की हत्या की साजिश का आरोप संविधान की शपथ लेने वाले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री व उनके परिवार पर है। कांग्रेस लीडर ने कहा कि आज हर देशवासी के लिए दृढ़ता से लड़ने का संकल्प लेने का दिन है। आज हर देशवासी प्रण ले कि भारत के संविधान की गरिमा, संविधान का गौरव और हमारा गणतंत्र किसी भी सूरत में तानाशाह सरकारों और बेलगाम शासकों की साजिशों के आगे नहीं झुकेंगे और अपनी प्रजातांत्रिक स्वाधीनता को अक्षुण्ण रखेंगे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...