1. हिन्दी समाचार
  2. खेल
  3. CWG 2022 Men’s Hockey Final: क्या इस बार ऑस्ट्रेलिया को रोक पाएगी भारतीय टीम? पढ़ें

CWG 2022 Men’s Hockey Final: क्या इस बार ऑस्ट्रेलिया को रोक पाएगी भारतीय टीम? पढ़ें

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मैच खेलेगी। यह मुकाबला शाम 5 बजे शुरू होगा।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मैच खेलेगी। यह मुकाबला शाम 5 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम अब इस मुकाबले में 17 खिलाड़ियों के साथ उतरेगी। इन 17 खिलाड़ियों में रोटेशन होगा और एक समय पर 11 खिलाड़ी मैदान पर होंगे। दरअसल इंडियन मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद चोटिल हो गए हैं। उन्हें 4 हफ्ते रेस्ट की सलाह दी गई है।

टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराया। भारतीय टीम तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम 2010 के दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स और 2014 ग्लास्गो कॉमनवेल्थ के फाइनल में पहुंची थी। तब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को गोल्ड मेडल के मैच में हराया था। मनप्रीत सिंह की अगुआई में अब तक भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया है। टीम अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय रही है।

पहले मैच में भारत ने घाना को 11-0 से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला था। तीसरा मैच भारत ने वेल्स के खिलाफ 4-1 से जीता था। वहीं सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराया। टीम इंडिया अपने ग्रुप में पहले नंबर पर रही थी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। कप्तान मनप्रीत की अगुआई में भारत ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद ब्रॉन्ज जीता था। इस बार टीम मनप्रीत की अगुआई में कॉमनवेल्थ गेम्स में ऑस्ट्रेलियाई दबदबे को खत्म करना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक सभी छह गोल्ड मेडल जीते हैं।

गोल्ड कोस्ट 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने से असफल रही भारतीय टीम पिछली नाकामी को भुलाना चाहेगी। पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई निवासी मुख्य कोच ग्राहम रीड के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने अपने आप में काफी सुधार किया है। हॉकी के तमाम फैंस को टीम से गोल्ड मेडल की आस है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...