भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले डे-नाईट टेस्ट का कल पहला दिन था। पहले दिन भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 74 रनों की शानदार पारी खेली। इन्हीं रनों के साथ विराट ने दो नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
विराट ने धोनी को पीछे छोड़ते हुए अपने नाम रिकॉर्ड कर लिया। कोहली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले कप्तान बन गये हैं। अभी तक धोनी के नाम ये रिकॉर्ड था।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर कप्तान 813 रन बनाए थे। लेकिन अब विराट के नाम 830 रन हो गए हैं। साथ ही विराट ने एक और कीर्तिमान अपने नाम किया। विराट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं।
कोहली के बतौर कप्तान 851 रन हो गये हैं। कोहली ने नवाब पटौदी के 51 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पटौदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 टेस्ट मैचों में कप्तान के रूप में 829 रन बनाए थे।
आपको बता दें कि इससे पहले विराट कोहली के नाम कप्तान के तौर पर इंग्लैंड, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है।