1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. संजय राउत के इंदिरा गांधी वाले बयान पर कांग्रेस ने घेरा, कहा- बयान वापस लें संजय राउत

संजय राउत के इंदिरा गांधी वाले बयान पर कांग्रेस ने घेरा, कहा- बयान वापस लें संजय राउत

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला और देश की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान मचने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह इंदिरा गांधी और नेहरू की हमेशा से इज्जत करते आए हैं। लेकिन इसके बावजूद मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरूपम और मिलिंद देवड़ा ने राउत के बयान पर तल्खी जताते हुए कहा कि, संजय राउत अपना बयान वापस लें।

दरअसल संजय राउत ने ये कहा था कि, अफगानिस्तानों के पठानों के नेता के रूप में नेताओं की मुलाकात (करीम लाला) से होती थी। करीम लाला के ऑफिस में कई नेताओं की तस्वीरें भी थी औऱ समस्या जानने के लिए करीम लाला से सभी नेता मिलते थे।

संजय राउत ने एक इंटरव्यू में कहा था कि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला से मिलने जाया करती थी। शिवसेना सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सियासी तकरार छिड़ गई। जिसके बाद संजय राउत पर कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने अपने ट्विटर हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, बेहतर होगा कि शिवसेना के मिस्टर शायर दूसरों की हल्की- फुल्की शायरी सुनाकर महाराष्ट्र का मनोरंजन करते रहें। इस ट्वीट से इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस ट्वीट में ‘मिस्टर’ शब्द का इस्तेमाल निरूपम ने शायद संजय राउत के लिए किया है।

कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने लिखा कि, पूर्व पीएम इंदिरा गांधी जी के खिलाफ दुष्प्रचार करेंगे तो उन्हें पछताना होगा। उन्होंने इंदिराजी के बारे में जो कुछ भी बयान दिया है वापस लें। तो दूसरी तरफ मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने भी राउत से बयान वापस लेने की मांग की है। मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट कर लिखा की, इंदिरा जी सच्ची देशभक्त थीं जिन्होंने देश की सुरक्षा से कभी भी समझौता नहीं किया। मुंबई के पूर्व अध्यक्ष के रूप में मैं संजय राउत से उनके गलत जानकारी वाले बयान वापस लेने की मांग करता हूं।

दरअसल शिवसेना नेता संजय राउत ने पुणे में एक पुरस्कार समारोह के दौरान कहा था कि, कभी अंडरवर्ल्ड के लोग तय करते थे कि पुलिस कमिश्नर कौन बनेगा और मंत्रालय में कौन बैठेगा। राउत ने कहा कि, वो अंडरवर्ल्ड के दिन थे। बाद में हर कोई (डॉन) देश छोड़कर भाग गया, अब ऐसा कुछ भी नहीं है।

इस दौरान संजय राउत ने कहा था कि, पूर्व पीएम इंदिरा गांधी पायधुनी (दक्षिण मुंबई का इलाका) में करीम लाला से मिलने आती थी। राउत ने यह भी दावा किया कि हाजी मस्तान के मंत्रालय में आने पर पूरा मंत्रालय उसे देखने के लिए नीचे आ जाता था। आपको बता दें कि शिवसेना ने पिछले साल महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार बनाई है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...