दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तो आज आम जनता को भी थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, 23 जनवरी को गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल होने जा रही है, जिसको लेकर कई रास्ते बंद किए गए हैं तो कई रुट को डायवर्ट किया गया है। परेड रिहर्सल सुबह 9:50 पर विजय चौक से शुरू होगी और लाल किले पर जाकर खत्म होगी। परेड विजय चौक से राजपथ से सी हेक्सागन की ओर फिर आगे तिलक मार्ग से बहादुर शाह जफर मार्ग होते हुए नेताजी सुभाष मार्ग से लाल किले पर जाकर खत्म होगी।
ये रास्ते होंगे बंद
फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस की माने तो विजय चौक, राजपथ, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। सुबह 7 बजे से मदर टेरेसा मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड, पटेल चौक, संसद मार्ग, टालसटॉय मार्ग आदि पर ऑटो और टैक्सी के आने-जाने पर रोक रहेगी। इसके अलावा केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को भी आज दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
इसी के साथ 25 जनवरी को दिल्ली के कई रास्ते शाम 6 बजे से ही बंद कर दिए जाएंगे। 26 जनवरी की सुबह 5.00 बजे से दोपहर के 12.00 बजे तक केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचने के लिए इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है।