1. हिन्दी समाचार
  2. ताजा खबर
  3. देश के हर कोने को जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी ने 17वीं ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

देश के हर कोने को जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी ने 17वीं ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के पुरी में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देश की 17वीं और राज्य की पहली यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पुरी को हावड़ा से जोड़ेगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने 8200 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस कार्यक्रम में ओडिशा के गवर्नर गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे, जबकि पीएम मोदी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के पुरी में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देश की 17वीं और राज्य की पहली यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पुरी को हावड़ा से जोड़ेगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने 8200 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन​ और शिलान्यास भी किया। इस कार्यक्रम में ओडिशा के गवर्नर गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे, जबकि पीएम मोदी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारत और आकांक्षी भारतीय, दोनों का प्रतीक बन रही है। आज जब वंदे भारत एक स्थान से दूसरे स्थान पर यात्रा करते हुए गुजरती है तो उसमें भारत की गति और प्रगति दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह वंदे भारत ट्रेन, भारत ने अपने बलबूते ही बनाई है। वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा और पुरी के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध को और मजबूत करेगी।

बता दें कि ओडिशा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 16 कोच वाली होगी। यह ट्रेन पुरी से खुलने के बाद खड़गपुर, भद्रक, बालासोर, कटक, भुवनेश्वर, खुर्दा स्टेशनों पर रुकते हुए हावड़ा पहुंचेगी। पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तीन चार घंटे से कम समय लेने वाले छोटे मार्गों में वंदे भारत का छोटा रूप चलाने की योजना पर काम चल रहा है। इसे वंदे भारत मेट्रो नाम दिया जा सकता है। वहीं आठ घंटे से अधिक समय लेने वाले मार्ग में वंदे भारत की स्लीपर ट्रेन चलाई जाएगी। आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर 15 अगस्त 2023 तक भारत भर के 75 शहरों और कस्बों को जोड़ने वाले विभिन्न मार्गों पर वंदे भारत अभियान शुरू करने के लिए रेवले काम कर रहा है। हावड़ा और पुरी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6 बजे से चलेगी और करीब 12.30 बजे पुरी पहुंच जाएगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर एक बजे के करीब पुरी से रवाना होगी। वहीं देहरादून से नई दिल्ली तक मुरादाबाद रेल मंडल की पहली वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। 29 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून रेलवे स्टेशन पर इसका उद्घाटन करेंगे। फिलहाल देहरादून से नई दिल्ली तक छह ट्रेनों का संचालन होता है। इसमें शताब्दी, जनशताब्दी, उत्तरांचल एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, नंदा देवी एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। अब वंदे भारत क नाम भी इसमें जुड़ जाएगा। उद्घाटन समारोह के लिए रेलवे अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उद्घाटन समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे। इसके साथ ही नई दिल्ली से लखनऊ के बीच मुरादाबाद होते हुए वंदे भारत ट्रेन की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। इस लिहाज से मंडल में ट्रैक सुधार कार्य भी तेजी से चल रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...