नए साल के जश्न में कड़ाके की ठंड खलल डाल सकती है। दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। दिल्ली के सफदरजंग में आज 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है जबकि राजस्थान के माउंट आबू में पारा माइनस चार डिग्री पर पहुंच गया है।
बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 2 जनवरी की रात दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद जनवरी के दूसरे हफ्ते में पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप हो सकता है।
हिमालय की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं की चपेट में पूरा भारत आ चुका है। इसकी वजह से पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में और गिरावट हो सकती है।
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, “पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारी बर्फबारी हो रही है। इसके कारण पश्चिमी हिमालय से आने वाली उत्तरी ठंडी, शुष्क और शुष्क हवाएँ नीचे की ओर बह रही हैं, जिससे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।”
आईएमडी ने आगे कहा कि, नए साल की पूर्व संध्या पर पारा और गिर सकता है और अगले तीन दिनों में शहर के कुछ हिस्सों में इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है। कश्मीर में आज ठंड का प्रकोप बढ़ गया और घाटी में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।
जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया जबकि उससे एक दिन पहले न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। अमरनाथ यात्रा के लिए दक्षिण कश्मीर में आधार शिविर पहलगाम में शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान चला गया।
काजीगुंड में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। आज पंजाब के अमृतसर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर में आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा छाया हुआ है और राज्य के कुछ स्थानों पर शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 3 जनवरी से 5 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।