1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मध्य प्रदेश मनाएगा ‘महाकाल लोक’ के लोकार्पण का महोत्सव, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण , पढ़ें

मध्य प्रदेश मनाएगा ‘महाकाल लोक’ के लोकार्पण का महोत्सव, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण , पढ़ें

उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जाएंगे। लोकार्पण 11 अक्टूबर को होगा। इस कॉरिडोर का नाम महाकाल लोक रखा गया है।

By आकृति जायसवाल 
Updated Date

उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जाएंगे। लोकार्पण 11 अक्टूबर को होगा। इस कॉरिडोर का नाम महाकाल लोक रखा गया है। महाकाल कॉरिडोर की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ रही है। महाकाल लोक के प्रोजेक्ट टू की रूपरेखा भी बन चुकी है। इस पर भी काम शुरू होने वाला है। सरकार ने 2024 तक महाकाल लोक 2 का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

सीएम शिवराज ने महाकाल लोक के लोकार्पण की तैयारी के सिलसिले में आज भोपाल में बैठक की। इसमें ये जानकारी सामने आई कि महाकाल लोक 2 प्रोजेक्ट भी तैयार है। इसमें महाराजवाड़ा परिसर का विकास किया जाएगा।

इसमें ऐतिहासिक महाराजवाड़ा भवन का हैरिटेज के रूप में इस्तेमाल होगा। पुराने अवशेषों को शामिल कर भवन का आंशिक उपयोग कुंभ संग्रहालय के रूप में किया जाएगा। इस परिसर को महाकाल मन्दिर परिसर से जोड़ दिया जाएगा। स्थानीय कला और संस्कृति को दिखाते हुए सांस्कृतिक हाट का निर्माण होगा। रामघाट फसाड ट्रीटमेंट के घटक में रामघाट की ओर जाने वाले पैदल मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा।

महाकाल लोक 2 में रामघाट पर सिंहस्थ थीम पर आधारित डायनेमिक लाइट शो विकसित किया जाएगा। पार्किंग, धर्मशाला, प्रवचन हॉल क्षेत्र का निर्माण होगा। दूसरे चरण में महाराजवाड़ा, रूद्र सागर जीर्णोद्धार, छोटा रूद्र सागर लेक फ्रंट, रामघाट का सौन्दर्यीकरण, पार्किंग और पर्यटन सूचना केन्द्र, हरि फाटक पुल को चौड़ा करना, रेलवे अण्डरपास और रूद्र सागर पर पैदल पुल, महाकाल द्वार, बेगमबाग मार्ग का विकास, रूद्र सागर पश्चिमी मार्ग तथा महाकाल पहुंच मार्ग डेवलप करने का प्लान है।

इसमें छोटा रूद्र सागर लेक फ्रंट विकास योजना में लैंडस्केपिंग सहित मनोरंजन केन्द्र विकसित होंगे। वैदिक वाटिका और योग केन्द्र, मंत्रध्वनि स्थल एवं पार्किंग का डेवलेपमेंट होगा। रूद्र सागर को शिप्रा नदी से जोड़ा जायेगा। हरि फाटक ओवर ब्रिज की चारों भुजाओं को चौड़ा किया जाएगा और जयसिंहपुरा के पास रेलवे अण्डरपास बनाया जाएगा। रूद्र सागर पर 210 मीटर लम्बा पैदल पुल बनाने का भी प्लान है। जो पीएचई की पानी की टंकी से महाकाल थीम पार्क को जोड़ेगा। इस चरण में महाकाल मन्दिर परिसर के आगे के भाग का लगभग 70 मीटर तक विस्तार किया जाएगा।

11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाकाल लोक प्रोजेक्ट 1 का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए तैयारियां तेज़ हैं। महाकाल लोक क्षेत्र विकास परियोजना पर 800 करोड़ रूपये की लागत आएगी। पहले चरण में 350 करोड़ रूपये से महाकाल प्लाजा, महाकाल कॉरिडोर, मिड-वे जोन, महाकाल थीम पार्क, घाट और डैक एरिया सहित कई डेवलपमेंट किए गए हैं। श्रद्धालुओं को आने वाले दिनों में पूरा महाकाल मंदिर परिसर बदला हुआ नज़र आएगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...