1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है: पीएम नरेंद्र मोदी

भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है: पीएम नरेंद्र मोदी

पीएम नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मोदी ने परिवारवाद, केंद्र सरकार की योजनाएं, वोटबैंक की राजनीति और देश की अर्थव्यवस्था जैसे कई मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को बताया।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

पीएम नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मोदी ने परिवारवाद, केंद्र सरकार की योजनाएं, वोटबैंक की राजनीति और देश की अर्थव्यवस्था जैसे कई मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को बताया। दरअसल, मौका था विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के 42वें स्थापना दिवस का। पीएम मोदी ने बताया कि किन तीन वजहों से भाजपा का स्थापना दिवस खास हो गया। पीएम के संबोधन की 10 बड़ी बातें हम आपको बताते हैं

पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि का 5वां दिन है और इस दिन मां स्कंधमाता की पूजा की जाती है। उनका आसन कमल है और दोनों हाथों में भी वह कमल ही रखती हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि मां का आशीर्वाद देश के हर नागरिक और भाजपा के कार्यकर्ता को मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के लोगों ने देश के लिए खुद को खपाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब लोगों ने मान लिया था कि सरकार कोई भी आए, देश का कुछ नहीं होगा। लेकिन आज बदलाव है और लोग मानते हैं कि देश बदल रहा है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत दुनिया में अपने हितों के लिए अडिग होकर खड़ा है।

ऐसे वक्त में जब दुनिया दो गुटों में बंटी है, तब भारत को ऐसे देश के तौर पर देखा जा रहा है जो तटस्थ होकर बात कर सकता है। आज देश के पास नीतियां भी हैं और नीयत भी है। देश के पास आज निर्णय शक्ति भी है और निश्चिय शक्ति भी है। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि आज हम लक्ष्य तय कर रहे हैं और उन्हें पूरा भी कर रहे हैं। पीएम मोदी ने भाजपा की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि आज हमारी पार्टी राज्यसभा  में 100 के पार पहुंच गई है। बीते तीन दशकों में यह पहला मौका है, जब किसी दल की संख्या राज्यसभा में 100 के पार पहुंच गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए यह स्थापना दिवस तीन वजहों से बेहद अहम है। पहला यह कि इस साल देश अपनी आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। दूसरा यह कि तेजी से बदलती दुनिया में भारत ने अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई और तीसरा यह कि भाजपा की सरकारें 4 राज्यों में वापस लौटी हैं और तीन दशकों के बाद किसी दल को राज्यसभा में 100 से ज्यादा सीटें मिल पाई हैं। भाजपा परिवारवाद के खिलाफ है। पहली बार भाजपा ने ही इसके खिलाफ बोलना शुरू किया और इसे चुनावी मुद्दा बनाया। अब देश के युवा यह समझने लगे हैं कि परिवारवादी पार्टियां कैसे लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन हैं।

पीएम ने आगे कहा कि आज पूरी दुनिया देख रही है कि इतने मुश्किल समय में भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है। 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में गरीब को भूखा न सोना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ हम सबका विश्वास प्राप्त कर रहे हैं। देश के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।

कुछ समय पहले ही देश ने 400 बिलियन डॉलर यानि तीस लाख करोड़ रुपए के उत्पादों के निर्यात का लक्ष्य पूरा किया है। कोरोना के इस समय में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना, भारत के सामर्थ्य को दिखाता है। बीते वर्षों में देश ने ये देखा कि अपने नागरिकों का जीवन आसान बनाना भाजपा सरकारों की, डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है। गरीबों को पक्के घर से लेकर शौचालय के निर्माण तक, आयुष्मान योजना से लेकर उज्ज्वला तक, हर घर जल से लेकर हर गरीब को बैंक खाते तक ऐसे कितने ही काम हुए हैं, जिनकी चर्चा में कई घंटे निकल सकते हैं।

जनसंघ और भाजपा की विकास यात्रा पर एक छोटी डाक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। नेशन फ‌र्स्ट के नाम से एक काफी टेबल बुक भी लांच किया जाएगा। भाजपा की यह कवायद इसलिए खास है, क्योंकि किसी पार्टी की ओर से पहली बार इस तरह की शुरुआत हुई है। दरअसल, भाजपा और केंद्र सरकार चाहती है कि विदेश में भी हर स्तर पर संवाद कायम हो। सरकारों के बीच भी बातचीत हो और खासकर पड़ोसी देशों के राजनीतिक दलों के साथ भी मंथन हो। बुधवार की मुलाकात में नड्डा के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, विदेश विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाला, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी भी होंगे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...